चुनावी मोड में भाजपा, उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रभारी नियुक्त

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर विधानसभा प्रभारियों की नियुक्तियां की गई हैं। प्रदेश महामंत्री दीप्ति भारद्वाज के अनुसार, सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। नवनियुक्त प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी के कार्यक्रमों के संचालन, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
विस्तारक योजना के लिए संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त
भाजपा ने विस्तारक योजना के तहत प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट को प्रदेश संयोजक बनाया है। दिनेश खुल्बे, अखिलेश डबराल, विक्रम कंडारी, त्रिलोक सिंह बुटोला और मोहित कौशिक को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
योजना के तहत पूर्णकालिक विस्तारक अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। उनका मुख्य काम बूथ समितियों की सक्रियता बढ़ाना, कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखना और पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना होगा।
काशीपुर में दो दिवसीय कार्यशाला
विस्तारक योजना को लेकर भाजपा 13 और 14 अक्टूबर को काशीपुर में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित करेगी। इसमें सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के विस्तारकों और प्रभारियों को संगठनात्मक कामकाज और चुनावी तैयारियों से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला में बूथ समितियों की सक्रियता, विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक समीकरणों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित करना और चुनाव से पहले पार्टी की तैयारियों को गति देना है।
वरिष्ठ नेता भी होंगे शामिल
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार, कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है।
भाजपा की योजना विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय करने की है। सभी 70 सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति और विस्तारक योजना के तहत पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की तैनाती को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी का फोकस विधानसभा क्षेत्रों में नियमित संपर्क, बूथ स्तर पर सक्रियता और संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर रहेगा।


