छत्तीसगढ़राज्य

सेवा संकल्प अभियान का आगाज, एक माह तक होंगे जनसेवा और जनभागीदारी के विविध आयोजन, जिला चिकित्सालय सूरजपुर में रक्तदान शिविर का शुभारंभ, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह…..

रायपुर: सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के अंतर्गत एक माह तक विभिन्न जनसेवा, जनजागरूकता एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय सूरजपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ  महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान का आगाज, एक माह तक होंगे जनसेवा और जनभागीदारी के विविध आयोजन

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने इस अवसर पर स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण कराया और लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक हो सकता है। आपातकालीन परिस्थितियों में कई बार समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। हमें छुआछूत और भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर करते हुए आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितम्बर की शाम अपने घर में दीप जलाने का आह्वान किया।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा भावना को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक रूप देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से सेवा और जनकल्याण के कार्यों को नई गति मिलती है।

सेवा संकल्प अभियान का आगाज, एक माह तक होंगे जनसेवा और जनभागीदारी के विविध आयोजन

प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मरावी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला आयोजन है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान टीकाकरण सहित विभिन्न प्रयासों के माध्यम से लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए महत्वपूर्ण सहायता मिली। उन्होंने नागरिकों से सेवा भाव के साथ समाज और जरूरतमंद लोगों के लिए योगदान देने की अपील की।

जनपद पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष श्रीमती स्वाती सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त समूह जांच सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान में सहभागिता निभाई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, महाविद्यालयीन विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button